अपना दल (एस) ने नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को दिया संगठन विस्तार का मंत्र
आगामी कार्ययोजना को लेकर हुआ ऑनलाइन प्रशिक्षण, 15 अगस्त से पहले जिला कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश
भोपाल, 27 जुलाई। अपना दल (एस) मध्य प्रदेश की ओर से सोमवार को नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का मार्गदर्शन राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने की। राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने संगठन विस्तार के लक्ष्य निर्धारित करने और आगामी कार्ययोजना को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और नए दायित्व संभालने वाले पदाधिकारियों को आगामी कार्ययोजना से अवगत कराना रहा। राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके सक्रिय कार्यकर्ताओं और मजबूत जिला संगठनों में निहित है। उन्होंने जिला अध्यक्षों से निर्धारित समय-सीमा में संगठन का विस्तार करने और जनता के बीच पार्टी की विचारधारा एवं जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा के राष्ट्रीयकरण और देश में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने पर भी जोर दिया।
पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं आईटी मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद गंगवार ने सोशल मीडिया के प्रभावी और जिम्मेदार उपयोग पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम जनता तक पार्टी की नीतियों और जनहित के कार्यों को पहुंचाने का प्रभावी साधन है। ऐसे में प्रत्येक पदाधिकारी को सोशल मीडिया का सकारात्मक और तथ्यात्मक उपयोग करना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल जिम्मेदारियों की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठनात्मक कार्यशैली को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास भी है। उन्होंने जिला अध्यक्षों से अपने-अपने जिलों में मजबूत टीम तैयार कर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि सफल संगठन वही होता है, जो लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध तरीके से काम करता है। उन्होंने अगले 30 दिनों में संगठन विस्तार, जनसंपर्क और स्थानीय मुद्दों पर सक्रियता बढ़ाने तथा परिणाम आधारित कार्य संस्कृति विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने संगठन विस्तार, स्थानीय मुद्दों की पहचान, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और प्रभावी संवाद जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की।
प्रशिक्षण में सिंगरौली से त्रिलोकी सिंह, भोपाल से सुरेंद्र नाहर, सिवनी से चैतराम प्रजापति, इंदौर से टीकमचंद्र शर्मा, मऊगंज से अजय बिहारी पटेल, सतना से राजमणि सिंह पटेल, रीवा से अशोक पटेल, ग्वालियर से राहुल सिंह, मैहर से मनोज पटेल, उमरिया से रमेश पटेल, जबलपुर से कमलेश पटेल और सागर से मनीष सरवैया सहित विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में जिला अध्यक्षों को 15 अगस्त से पहले जिला कार्यकारिणी और विधानसभा अध्यक्षों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने का आह्वान किया गया।


No comments:
Post a Comment