पानी की टंकी पर पहुंचे आवारा कुत्ते, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
खुला मिला टंकी का दरवाजा, स्थानीय लोगों ने पेयजल सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
मेरठ, 26 जुलाई।मेरठ के कंकरखेड़ा की नई गोविंदपुरी में नगर निगम की एक पानी की टंकी पर तीन आवारा कुत्तों के पहुंच जाने से पेयजल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई। घटना के बाद लोगों ने टंकी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तत्काल सुधार की मांग की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टंकी के जीने (सीढ़ी मार्ग) का दरवाजा खुला होने के कारण कुत्ते टंकी के शीर्ष तक पहुंच गए। जब लोगों ने उन्हें ऊपर देखा तो मौके पर कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं था। निरीक्षण के दौरान टंकी परिसर में गंदगी, पेड़-पौधे और सब्जियों की बेलें भी दिखाई दीं, जिससे नियमित साफ-सफाई और निगरानी पर भी प्रश्नचिह्न लग गए।
कुत्तों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए कुछ स्थानीय युवकों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बिस्किट और रोटी के छोटे-छोटे टुकड़े नीचे गिराए। खाने के लालच में तीनों कुत्ते धीरे-धीरे नीचे उतर आए, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि टंकी का दरवाजा खुला रहेगा तो कोई भी व्यक्ति या शरारती तत्व आसानी से टंकी के ऊपर तक पहुंच सकता है, जिससे पेयजल की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। लोगों ने नगर निगम से टंकी के प्रवेश द्वार पर तत्काल ताला लगाने, नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा परिसर की साफ-सफाई कराने की मांग की है।
नगरवासियों का कहना है कि सार्वजनिक पेयजल स्रोतों की सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।


No comments:
Post a Comment