मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से संवर रहा अनाथ और बेसहारा बच्चों का भविष्य
जिले में 800 से अधिक बच्चों को हर माह मिल रही आर्थिक सहायता, नए आवेदनों की ऑनलाइन प्रक्रिया जारी
मेरठ। प्रदेश सरकार अनाथ, बेसहारा और जरूरतमंद बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। योजना के तहत मेरठ जिले में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) तथा मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना का संचालन किया जा रहा है। पात्र बच्चों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी जारी है।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना दो प्रमुख श्रेणियों में संचालित की जा रही है। कोविड-19 बाल सेवा योजना के तहत जिले के 416 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। इस योजना में कोविड-19 अथवा अन्य किसी कारण से माता-पिता दोनों या दोनों में से किसी एक को खोने वाले बच्चों को प्रतिमाह 4,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसके अलावा कक्षा 12 तक निःशुल्क शिक्षा, लैपटॉप तथा बालिकाओं को विवाह योग्य होने पर 1.01 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाती है।
वहीं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत ऐसे बच्चों को शामिल किया गया है, जिनके माता-पिता जेल में हैं अथवा जिन्हें बाल श्रम, भिक्षावृत्ति या वेश्यावृत्ति जैसी परिस्थितियों से मुक्त कराया गया है। इन बच्चों को प्रतिमाह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस श्रेणी में जिले के 369 बच्चे लाभान्वित हुए थे। वर्तमान में दोनों योजनाओं को मिलाकर लाभार्थियों की संख्या 800 से अधिक हो चुकी है।
योजना के तहत 18 से 23 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवक-युवतियां भी पात्र हैं, जिन्होंने माता-पिता को खोने के बाद इंटरमीडिएट उत्तीर्ण कर किसी मान्यता प्राप्त महाविद्यालय, विश्वविद्यालय अथवा तकनीकी संस्थान में स्नातक या डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया है। ऐसे पात्र विद्यार्थियों को भी योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे उच्च शिक्षा जारी रख सकें।
योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों को एमबीएसवाई पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ माता-पिता का मृत्यु प्रमाणपत्र, आधार कार्ड तथा शैक्षणिक अभिलेख अपलोड करना अनिवार्य है। साथ ही लाभार्थी का बैंक खाता डीबीटी एवं एनपीसीआई से लिंक होना भी आवश्यक है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के माध्यम से अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और सम्मानजनक जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने पात्र परिवारों से समय पर ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की।
.jpg)

No comments:
Post a Comment