शोभित विश्वविद्यालय में एआई पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित
मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय के एआईसीटीई आइडिया लैब एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) द्वारा मैथवर्क्स के सहयोग से "मैटलैब आधारित लो-कोड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस" विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की ऑफलाइन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और संकाय सदस्यों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करना था।
कार्यशाला का संचालन मैथवर्क्स की एलुमनाई फैकल्टी एम्बेसडर सुश्री मोहिनी प्रीतम सिंह ने किया। उन्होंने मैटलैब के लो-कोड एवं ऐप-आधारित प्लेटफॉर्म के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग मॉडल विकसित करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को डेटा प्री-प्रोसेसिंग, मॉडल विकास, प्रशिक्षण, परीक्षण, दृश्यांकन तथा प्रदर्शन मूल्यांकन की तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा विज्ञान और औद्योगिक स्वचालन जैसे क्षेत्रों में एआई के अनुप्रयोगों पर भी चर्चा की गई।
आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. अनिकेत कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय उद्योग-अकादमिक सहयोग को लगातार मजबूत कर विद्यार्थियों को वैश्विक तकनीकी परिवेश के अनुरूप तैयार कर रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और उद्योगोन्मुखी दक्षताओं के विकास में सहायक हैं।
एआईसीटीई आइडिया लैब के समन्वयक डॉ. जयंतो ने कहा कि आइडिया लैब विद्यार्थियों को नवीन तकनीकों पर कार्य करने, प्रोटोटाइप विकसित करने तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल अर्जित करने के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में विश्वविद्यालय के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के सफल समापन पर मैथवर्क्स की ओर से सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह कार्यशाला नवाचार, उद्योग-अकादमिक सहयोग, अनुभवात्मक अधिगम और गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।


No comments:
Post a Comment