खाद्य प्रसंस्करण व बेकरी प्रशिक्षण से युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर

मेरठ। युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र, मोदीपुरम ने वर्ष 2026-27 के लिए खाद्य प्रसंस्करण, बेकरी एवं कन्फैक्शनरी तथा पाक कला से संबंधित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद स्वरोजगार स्थापित करने वाले युवाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत पूंजीगत अनुदान तथा टर्म लोन के ब्याज पर भी सहायता मिलेगी।

केंद्र के प्रधानाचार्य ने बताया कि संस्थान में एक वर्षीय ट्रेड डिप्लोमा और एक माह के प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार तलाशने के बजाय स्वयं उद्यमी बनने के लिए तैयार करना है।

एक वर्षीय ट्रेड डिप्लोमा के अंतर्गत कैनिंग एवं खाद्य संरक्षण, बेकरी एवं कन्फैक्शनरी तथा पाक कला ट्रेड में 15-15 सीटें निर्धारित की गई हैं। कैनिंग एवं खाद्य संरक्षण ट्रेड के लिए विज्ञान, कृषि विज्ञान, गृह विज्ञान अथवा खाद्य संरक्षण विषय के साथ इंटरमीडिएट द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण होना आवश्यक है, जबकि बेकरी एवं पाक कला ट्रेड के लिए इंटरमीडिएट द्वितीय श्रेणी उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

इसके अलावा एक माह के प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम में कैनिंग, बेकरी एवं कुकरी के संयुक्त प्रशिक्षण के लिए 50 सीटें तथा बेकरी एवं कन्फैक्शनरी एवं पाक कला के अलग-अलग बैचों में 25-25 सीटें उपलब्ध हैं। इन पाठ्यक्रमों के लिए हाईस्कूल उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे।

सामान्य वर्ग के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए 18 से 28 वर्ष निर्धारित की गई है। महिलाओं के लिए अधिकतम आयु सीमा लागू नहीं होगी, जबकि फैक्ट्री नॉमिनी अभ्यर्थियों को तीन वर्ष की अतिरिक्त आयु छूट मिलेगी। आवेदन पत्र राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र, शीतगृह परिसर, मोदीपुरम से प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रवेश 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जाएगा।

प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को खाद्य प्रसंस्करण आधारित उद्योग स्थापित करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इससे युवा आत्मनिर्भर बनने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर सकेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts