खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, तीन की मौत; तीन की हालत गंभीर
कानपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक युवक, एक किशोर और एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
महाराजपुर थाना क्षेत्र में रूमा फ्लाईओवर के आगे सुबह करीब छह बजे हुए हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को पहले कांशीराम अस्पताल, रामादेवी ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो का पंजीकरण हरियाणा का पाया गया है। मृतकों और घायलों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण खड़े ट्रक से टक्कर होना हादसे की वजह माना जा रहा है।


No comments:
Post a Comment