रामपुर में एमडी रवीश गुप्ता ने की विद्युत व्यवस्थाओं की समीक्षा, कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा और निर्बाध आपूर्ति पर दिया जोर
मेरठ/रामपुर। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने बुधवार को रामपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के वाणिज्यिक और तकनीकी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, राजस्व वसूली, उपभोक्ता सेवाओं, विद्युत सुरक्षा और विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया। प्रबंध निदेशक ने कहा कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण, शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण मीटर रीडिंग तथा प्रभावी बिलिंग व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को विद्युत सुरक्षा के सभी मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थलों और कांवड़ मार्ग पर विद्युत पोलों की सुरक्षा मजबूत करने, पोलों पर पीवीसी पाइप और प्रोटेक्शन शीट लगाने, खुले ज्वाइंट एवं ढीले तारों को तत्काल ठीक कराने तथा आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए।
प्रबंध निदेशक ने वितरण ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि और अन्य आवश्यक तकनीकी सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करें ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान और उसके बाद भी उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलती रहे।
बैठक में मुख्य अभियंता शशांक कुमार अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता सतेन्द्र कुमार चौहान, राजीव कुमार दुबे, स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार शर्मा, अनुराग सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment