सुनवाई से पहले शास्त्रीनगर में आज सर्वधर्म प्रार्थना

 सभी व्यापारी करेंगे रुद्राभिषेक, कल होगा सुप्रीम कोर्ट में फैसला

मेरठ। शास्त्रीनगर प्रकरण में 14 जुलाई को होने वाली सर्वोच्च न्यायालय की बेहद महत्वपूर्ण सुनवाई से ठीक एक दिन पहले आज क्षेत्र में सर्वधर्म सामूहिक प्रार्थना और रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय आयोजकों और व्यापारियों के अनुसार, इस आध्यात्मिक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य न्याय, सत्य, सामाजिक सद्भाव और इस गंभीर समस्या के सकारात्मक समाधान के लिए ईश्वर से कामना करना है।

शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक होगा आयोजन

आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह आयोजन पूरी तरह से शांतिपूर्ण, सामाजिक और आध्यात्मिक स्वरूप का होगा। इसका उद्देश्य किसी भी व्यक्ति, संस्था या समुदाय के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन जताना नहीं है। क्षेत्र के नागरिक और व्यापारी केवल ईश्वर से सत्य की विजय, न्याय की स्थापना और शास्त्रीनगर के निवासियों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रार्थना करेंगे।

सुबह रुद्राभिषेक, दोपहर में सर्वधर्म प्रार्थना

तय कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार सुबह से ही विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक एवं श्रीराम रक्षा स्तोत्र का पाठ शुरू होगा। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से एक सर्वधर्म सामूहिक प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। इस सभा में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और क्षेत्र के आम नागरिक बड़ी संख्या में एकजुट होकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेंगे।

हजारों परिवारों के आशियाने का सवाल: व्यापारियों और निवासियों का कहना है कि शास्त्रीनगर का यह मुद्दा केवल एक कॉलोनी तक सीमित नहीं है। इससे हजारों परिवारों का भविष्य, उनके जीवनभर की जमा-पूंजी और आशियाने जुड़े हुए हैं। संकट की इस घड़ी में समाज के सभी वर्गों का एक मंच पर आना सामाजिक एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का बड़ा संदेश देगा। सभी की निगाहें अब कल (14 जुलाई) सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts