एलएलआरएम टीबी यूनिट ने लगाया निःशुल्क टीबी स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर
नर्सिंग संस्थान में डिजिटल एक्स-रे और टीबी जांच की सुविधा, विशेषज्ञों ने समय पर जांच और उपचार पर दिया जोर
मेरठ, 14 जुलाई। एलएलआरएम टीबी यूनिट, मेरठ के अंतर्गत एक नर्सिंग संस्थान में मंगलवार को निःशुल्क टीबी स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रोफेसर डॉ. हेमलता एवं प्राचार्य डॉ. बालमणि बोस ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. विजय प्रताप ने टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच तथा पूर्ण उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों से निःशुल्क डिजिटल छाती का एक्स-रे एवं टीबी जांच कराने की अपील करते हुए कहा कि समय पर रोग की पहचान और नियमित उपचार से टीबी का पूर्ण इलाज संभव है।
शिविर में एचएलएफपीपीटी के जिला समन्वयक अजीत सिंह, एलएलआरएम टीबी यूनिट की एसटीएस अमितुर रहीम, एक्स-रे तकनीशियन कपिल और आकाश सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान लोगों को टीबी से बचाव एवं उपचार संबंधी परामर्श भी दिया गया।
शिविर का उद्देश्य समुदाय में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संभावित मरीजों की समय पर पहचान करना तथा राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) को सशक्त बनाना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाते हुए डिजिटल छाती का एक्स-रे एवं टीबी जांच कराई।
कार्यक्रम के अंत में नागरिकों से अपील की गई कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या रात में अत्यधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर निःशुल्क जांच कराएं और समय पर उपचार शुरू करें।
"टीबी हारेगा, देश जीतेगा" संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


No comments:
Post a Comment