रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

दोस्त की जन्मदिन पार्टी में गया था युवक, पुलिस ने तीन दोस्तों को हिरासत में लिया

मेरठ, 26 जुलाई।मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक का शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक रजत तीर्थकुंज कॉलोनी, नगलातासी का निवासी था और दिल्ली-देहरादून बाईपास स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक, 23 जुलाई की शाम वह अपने परिचितों के साथ एक दोस्त के जन्मदिन समारोह में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। जब परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला।

अगले दिन परिजनों ने कंकरखेड़ा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार सुबह पुलिस ने सूचना दी कि सिंधावली क्षेत्र के जंगल के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिला है, जिसकी पहचान रजत के रूप में हुई। घटनास्थल पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि रजत की हत्या उसके साथ गए दोस्तों ने की है। पुलिस ने पूछताछ के लिए राहुल, जयकुमार और नितिन नामक तीन युवकों को हिरासत में लिया है।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts