कांवड़ यात्रा में मेट्रो-नमो भारत यात्रियों को राहत, स्टेशन तक पहुंचने के लिए विशेष रूट प्लान जारी
दिल्ली जाने के लिए चार वैकल्पिक मार्ग तय, कांवड़ मार्ग पर यातायात रहेगा नियंत्रित
मेरठ। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान शहरवासियों की सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात योजना तैयार की है। योजना के तहत नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो स्टेशनों तक पहुंचने वाले यात्रियों के लिए अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। साथ ही दिल्ली जाने वाले चार पहिया हल्के वाहनों के लिए चार वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं।
एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान नमो भारत और मेट्रो ट्रेन से यात्रा करने वाले लोगों को किसी भी दिन नहीं रोका जाएगा। शास्त्रीनगर, मवाना रोड और यूनिवर्सिटी रोड क्षेत्र के लोग माल रोड होते हुए जीरो माइल पहुंच सकेंगे। वहीं हापुड़ अड्डा क्षेत्र के लोग हापुड़ रोड के रास्ते बेगमपुल नमो भारत स्टेशन तक जा सकेंगे। बिजली बंबा मार्ग से भी यात्रियों को शताब्दीनगर नमो भारत स्टेशन तक जाने की अनुमति रहेगी।
उन्होंने बताया कि हापुड़ रोड, गढ़ रोड और दिल्ली रोड पर एक लेन कांवड़ियों के लिए तथा दूसरी लेन स्थानीय यातायात के लिए आरक्षित रहेगी, जिससे आमजन को आवागमन में कम से कम परेशानी हो।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे (इकोनॉमिक कॉरिडोर) पर कांवड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों के सभी कटों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा और कांवड़िए परंपरागत मार्गों से ही यात्रा करेंगे।
कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ से दिल्ली और देहरादून जाने वाले वाहनों को सरधना रोड और बागपत रोड के माध्यम से इकोनॉमिक कॉरिडोर तक पहुंचाया जाएगा। वहीं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हल्के और भारी वाहनों का संचालन परिस्थितियों के अनुसार जारी रहेगा। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
दिल्ली जाने के लिए चार वैकल्पिक मार्ग
पुलिस ने चार पहिया हल्के वाहनों के लिए चार वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। इनमें हापुड़ रोड, यूनिवर्सिटी रोड, तेजगढ़ी, पीवीएस रोड, एल ब्लॉक चौकी, बिजली बंबा बाईपास, परतापुर इंटरचेंज, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, डासना, मोदीनगर, मुरादनगर और कंकरखेड़ा होते हुए दिल्ली एवं गाजियाबाद जाने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है।


No comments:
Post a Comment