निशानेबाजी में मुजफ्फरनगर पुलिस का जलवा, मेरठ जोन की अंतरजनपदीय शूटिंग प्रतियोगिता में कई खिताब अपने नाम

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस की वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं के तहत आयोजित मेरठ जोन की 27वीं अंतरजनपदीय रायफल, रिवॉल्वर, पिस्टल, कार्बाइन शूटिंग, शूटिंग स्पोर्ट्स एवं एलार्म एफिसिएंसी रेस प्रतियोगिता-2026 का मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर में समापन हुआ। 26 से 28 जुलाई तक चली तीन दिवसीय प्रतियोगिता में मेरठ जोन के विभिन्न जनपदों के पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

समापन समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता-उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी, शील्ड एवं चल वैजयंती देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं पुलिस बल में अनुशासन, शारीरिक दक्षता, मानसिक एकाग्रता और प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करती हैं।

रिवॉल्वर-पिस्टल में निशांत तोमर का दबदबा

रिवॉल्वर एवं पिस्टल प्रतियोगिता में गाजियाबाद के कांस्टेबल निशांत तोमर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15, 25 और 50 गज वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं 40×30 गज स्पर्धा में शामली के हेड कांस्टेबल गुलशन चौधरी विजेता रहे। निशांत तोमर ने रिवॉल्वर/पिस्टल वर्ग में 225 अंक हासिल कर सर्वोत्तम लक्ष्य भेदक का खिताब भी जीता।

कार्बाइन और रायफल में मुजफ्फरनगर अव्वल

कार्बाइन प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर की महिला हेड कांस्टेबल सरोज ने 40 और 50 गज नीलिंग पोजिशन में प्रथम स्थान हासिल किया। उपनिरीक्षक नेपाल सिंह समेत अन्य खिलाड़ियों ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीते। गाजियाबाद के निशांत तोमर ने कार्बाइन की 25 गज और 50 गज स्नैप स्पर्धा में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया।

रायफल प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर की महिला हेड कांस्टेबल निशा चौधरी ने 100 गज स्टैंडिंग पोजिशन में बाजी मारी। कांस्टेबल अजय कुमार, दीपक पाण्डेय और हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र भाटी समेत अन्य खिलाड़ियों ने भी विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया।

शूटिंग स्पोर्ट्स बिगबोर में भी शानदार प्रदर्शन

रायफल शूटिंग स्पोर्ट्स बिगबोर प्रतियोगिता में महिला वर्ग में महिला हेड कांस्टेबल सरोज और निशा चौधरी ने प्रथम स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में भूपेन्द्र भाटी और देवराज भाटी सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीते।

एलार्म एफिसिएंसी रेस में मुजफ्फरनगर टीम विजेता

एलार्म एफिसिएंसी प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर पुलिस टीम ने 5 मिनट 36 सेकंड में रेस पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम में हेड कांस्टेबल देवेन्द्र नादर, कांस्टेबल अर्जुन सिंह, मोहम्मद आसिफ, पंकज शर्मा, शमसुद्दीन और अमित त्यागी शामिल रहे।

चल वैजयंती में भी मुजफ्फरनगर का दबदबा

चल वैजयंती के परिणामों में रिवॉल्वर/पिस्टल प्रतियोगिता में शामली विजेता और मेरठ उपविजेता रहा। कार्बाइन और रायफल शूटिंग प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। असॉल्ट प्रतियोगिता में भी मुजफ्फरनगर पुलिस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का आयोजन अनुशासन, खेल भावना और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता, फिटनेस और निशानेबाजी कौशल को निखारने के साथ टीम भावना को भी मजबूत करती हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts