ललिता हत्याकांड

 हिमांशु सिद्धार्थ और दिग्विजय भाटी समेत चार प्रदर्शनकारी जेल से रिहा, चार आज होंगे रिहा

मेरठ: छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड के विरोध में 8 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए आठ प्रदर्शनकारियों में से चार को बुधवार शाम जमानत पर रिहा कर दिया गया। रिहाई के परवाने समय पर जेल पहुंचने के बाद हिमांशु सिद्धार्थ और दिग्विजय भाटी को जिला कारागार बागपत, जबकि अंकित कुमार और रितिक को जिला कारागार बिजनौर से रिहा किया गया। जेल के बाहर समर्थकों की भीड़ मौजूद रही और रिहा हुए प्रदर्शनकारियों का स्वागत किया गया।

वहीं, जिला कारागार मुजफ्फरनगर में बंद रवि कुमार गौतम और लवी उर्फ शुभम तथा जिला कारागार गाजियाबाद में बंद नवनीत कुमार और अरविंद कुमार के रिहाई परवाने समय पर संबंधित जेलों तक नहीं पहुंच सके। इसके चलते उनकी रिहाई बुधवार को नहीं हो सकी। अब चारों को गुरुवार सुबह रिहा किए जाने की संभावना है।

गौरतलब है कि रोहटा क्षेत्र की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा ललिता गौतम की हत्या के विरोध में बड़ी संख्या में लोग 8 जुलाई को कमिश्नरी और कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में सभी को अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित कर दिया गया था।

इस मामले में पुलिस ने शुरुआत में 16 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि जांच के दौरान कई गंभीर धाराओं के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर उन्हें हटाया गया। इसके बाद गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की जमानत का रास्ता साफ हुआ और अदालत से जमानत मिलने के बाद चार लोगों की रिहाई हो गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts