निपुण संकल्प कार्यशाला का सफल आयोजन, शिक्षा की गुणवत्ता सुधार पर विशेष बल
मेरठ, 23 जुलाई। बेसिक शिक्षा विभाग, जनपद मेरठ द्वारा शैक्षिक सत्र 2026–27 के अंतर्गत गुरुवार को गढ़ रोड स्थित होटल हार्मनी इन में मेरठ एवं बागपत के एसआरजी, एआरपी, डाइट मेंटर तथा खंड शिक्षा अधिकारियों के लिए एक दिवसीय "निपुण संकल्प कार्यशाला" का सफल आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्रभावी प्राप्ति, प्राथमिक स्तर पर बच्चों में आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) को सुदृढ़ करना तथा शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाना रहा।
राज्य परियोजना से आए विशेषज्ञ अंकित कुमार, शुभम एवं फैजान ने प्रतिभागियों को नवीन शिक्षण विधियों, दक्षता-आधारित अधिगम, सतत मूल्यांकन, कक्षा-कक्ष में नवाचार, एनबीएमसी पोर्टल तथा निपुण लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी प्रतिभागियों को प्रेरित किया। मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नूपुर गोयल ने अनुश्रवण के दौरान विद्यालयों में सार्थक एवं रचनात्मक फीडबैक देने की आवश्यकता पर बल दिया।
बागपत की बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती गीता चौधरी ने कार्यशाला के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने का आह्वान किया। वहीं मेरठ की बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती आशा चौधरी ने सभी एसआरजी, एआरपी, डाइट मेंटर एवं खंड शिक्षा अधिकारियों से अपने-अपने विकास खंडों में शिक्षकों का सतत मार्गदर्शन करते हुए प्रत्येक छात्र को निपुण बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को "निपुण प्रदेश" बनाने की शपथ भी दिलाई।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने समूह चर्चा, अनुभव साझा करने तथा विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए "हर बच्चा निपुण – हमारा संकल्प" के सामूहिक संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया।


No comments:
Post a Comment