शास्त्रीनगर धरना:
प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने थमाए नोटिस, व्यापारियों ने लगाया दबाव बनाने का आरोप
मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में सेटबैक कार्रवाई के विरोध में चल रहे धरने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। नौचंदी थाना पुलिस ने धरने में शामिल कई लोगों को न्यायालय की अवमानना से संबंधित नोटिस जारी किए हैं। इनमें सपा नेता जीतू नागपाल, शैंकी वर्मा समेत दर्जनों लोगों के नाम शामिल हैं। पुलिस ने रविवार देर रात करीब 12 बजे से नोटिस वितरित करने की कार्रवाई शुरू की। धरने में शामिल कुछ महिलाओं को भी नोटिस दिए गए हैं।
नौचंदी थाना प्रभारी अनूप कुमार की ओर से जारी नोटिस में न्यायालय अवमानना अधिनियम, 1971 का हवाला देते हुए कहा गया है कि न्यायिक कार्यवाही में हस्तक्षेप करने या उसके प्रभाव को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि से दूर रहें। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि ऐसा करने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की विरोधात्मक गतिविधि, यदि न्यायिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करती है, तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा।
वहीं, सेंट्रल मार्केट के व्यापारी और प्रदर्शनकारी प्रशासन की इस कार्रवाई को आंदोलन पर दबाव बनाने का प्रयास बता रहे हैं। उनका कहना है कि महिलाएं लंबे समय से शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रही हैं और अब बड़ी संख्या में व्यापारी भी आंदोलन से जुड़ रहे हैं। ऐसे समय में नोटिस जारी कर धरना समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने की मांग दोहराई है।


No comments:
Post a Comment