भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली में किसानों की महापंचायत, पंजाब समेत कई राज्यों से पहुंचेंगे संगठन

अमृतसर/पटियाला, 20 जुलाई। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में देशभर के किसान संगठनों ने 21 जुलाई को दिल्ली में महापंचायत का आह्वान किया है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजाब समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में किसान दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।

किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के नेता जर्मनजीत सिंह बंडाला ने बताया कि देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर आयोजित इस महापंचायत में करीब 550 किसान संगठन हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि किसान संगठन भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और आम जनता के हितों के खिलाफ मानते हैं।

बंडाला ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित समझौते से अमेरिकी कंपनियों और वहां के किसानों को फायदा होगा, जबकि भारत के छोटे और सीमांत किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में बड़े स्तर पर खेती होती है और किसानों को भारी सब्सिडी मिलती है, जबकि भारत में अधिकांश किसान छोटी जोत पर निर्भर हैं और उन्हें सीमित सरकारी सहायता मिलती है।

किसान नेता ने आशंका जताई कि यदि अमेरिका से सस्ते कृषि उत्पाद भारत में आने लगे तो भारतीय किसान प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे और उनकी आय पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस समझौते का प्रभाव केवल किसानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छोटे व्यापारियों और अन्य रोजगार क्षेत्रों पर भी पड़ सकता है।

बंडाला ने कहा कि दिल्ली के किसान घाट पर होने वाली महापंचायत में पंजाब सहित देश के विभिन्न राज्यों के किसान भाग लेंगे। उन्होंने दावा किया कि यदि सरकार किसानों को रोकने का प्रयास करती है, तब भी संगठन शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ट्रेड डील को लेकर किसानों की चिंताओं का समाधान नहीं करती है, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

गुरनाम सिंह चढूनी हिरासत में

इस बीच भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी को दिल्ली जाते समय पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

संगठन के प्रवक्ता प्रिंस वराइच के अनुसार, चढूनी की गाड़ी को सोमवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पेहोवा के पास नेशनल हाईवे-152D पर रोका गया। इसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts