आधे घंटे के लिए विश्राम करेगी कांवड़ यात्रा

चेहल्लुम जुलूस को लेकर प्रशासन ने बनाई व्यवस्था

4 अगस्त को घंटाघर से मनसबिया तक निकलेगा मातमी जुलूस, शाम 5 से 5:30 बजे तक केसरगंज मंदिर में रुकेंगे कांवड़िये

मेरठ। चेहल्लुम के मातमी जुलूस और कांवड़ यात्रा के एक साथ होने के चलते किसी भी तरह की विवाद की स्थिति से बचने के लिए प्रशासन और मुहर्रम कमेटी ने संयुक्त व्यवस्था तैयार की है। इसके तहत 4 अगस्त को चेहल्लुम के जुलूस के दौरान कांवड़ यात्रा को आधे घंटे के लिए विश्राम दिया जाएगा। इस दौरान कांवड़ियों की सेवा के लिए प्रशासन की ओर से केसरगंज स्थित मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्था की जाएगी।

इस संबंध में मुहर्रम कमेटी का प्रतिनिधिमंडल एडीएम सिटी और एसपी सिटी से मिला। कमेटी के मीडिया प्रभारी अली हैदर रिजवी ने अधिकारियों को बताया कि 4 अगस्त को चेहल्लुम का प्रमुख मातमी जुलूस घंटाघर से वक्फ मनसबिया तक जाएगा। ऐसे में कांवड़ यात्रा और मातमी जुलूस में शामिल लोगों के बीच किसी प्रकार की असहज स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पूर्व में ही उचित व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता है।

बैठक में काफी विचार-विमर्श के बाद सहमति बनी कि चेहल्लुम के जुलूस के दौरान शाम 5 बजे से 5:30 बजे तक कांवड़ यात्रा को केसरगंज स्थित मंदिर परिसर में विश्राम दिया जाएगा। इस दौरान प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर में ही कांवड़ियों की सेवा की जाएगी। इसी अवधि में चेहल्लुम का जुलूस रेलवे रोड चौराहे से गुजरते हुए वक्फ मनसबिया परिसर में पहुंच जाएगा। इसके बाद कांवड़ यात्रा को आगे बढ़ाया जाएगा।

मुहर्रम कमेटी के मीडिया प्रभारी अली हैदर रिजवी ने बताया कि चेहल्लुम के जुलूस जैदी फार्म और लोहिया नगर क्षेत्रों में भी निकाले जाते हैं, लेकिन इन मार्गों पर कांवड़ियों की संख्या और दबाव अपेक्षाकृत कम रहता है। इसलिए प्रशासन से मुख्य रूप से घंटाघर से निकलने वाले जुलूस के दौरान विशेष व्यवस्था पर ध्यान देने का अनुरोध किया गया।

बैठक में एडीएम सिटी बृजेश कुमार, एसपी सिटी गोपाल विनायक भोंसले, मुहर्रम कमेटी के मीडिया प्रभारी अली हैदर रिजवी, वक्फ मनसबिया के पूर्व मुतवल्ली फखरी जाफरी, मासूम असगर, हसन मुर्तजा, हैदर अब्बास रिजवी, गजनफर अब्बास, इशारत अली, गुलजार हुसैन और कमर अब्बास सहित मुहर्रम कमेटी के विभिन्न पदाधिकारी, सीओ तथा विभिन्न थानों के प्रभारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts