1. भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम के बाद चली गोलियां

    मेरठ में स्वागत करने आए युवकों पर फायरिंग, पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह; चार पुलिस टीमें जांच में जुटीं

    मेरठ, 20 जुलाई। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के स्वागत कार्यक्रम के बाद सोमवार को मेरठ के परतापुर टोल प्लाजा के पास फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के चलते हुई इस घटना में कई राउंड फायरिंग हुई, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

    जानकारी के मुताबिक, रोहित मिश्रा के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक परतापुर टोल प्लाजा पर जुटे थे। उनका काफिला वहां से निकलने के करीब दस मिनट बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष ने पहले कार से टक्कर मारने का प्रयास किया और बाद में पिस्टल से फायरिंग कर दी। पीड़ित पक्ष ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

    शिकायतकर्ता श्वेतांक त्यागी ने आरोप लगाया कि वह अपने साथी मनीष ठाकुर के साथ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान राहुल अधाना, प्रवीण शर्मा और अवनीश वहां पहुंचे। मनीष और राहुल के बीच कॉलेज के समय से विवाद चला आ रहा है। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने हमला किया।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर परतापुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

    बतादें  घटना के समय उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक भी मेरठ में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए मौजूद थे। उनके दौरे के बीच हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





No comments:

Post a Comment

Popular Posts