दीक्षांत समारोह में मेरठ कॉलेज का परचम, स्वर्ण पदकों की चमक से प्रोफेशनल विभाग को मिली नई ऊर्जा
मेधावी छात्राओं की ऐतिहासिक सफलता के बाद प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह ने नए विभागाध्यक्षों को सौंपे नियुक्ति पत्र
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में मेरठ कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदकों की झड़ी लगा दी। कॉलेज की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से उत्साहित प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह ने सोमवार को प्रोफेशनल विभाग की बैठक में विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए नए विभागाध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा करते हुए उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता पूरे मेरठ कॉलेज परिवार के लिए गर्व का विषय है और नए विभागाध्यक्षों के नेतृत्व में विभागों को उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
दीक्षांत समारोह में मेरठ कॉलेज की एमएससी भौतिकी की मेधावी छात्रा हादिया जैदी ने विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अर्जित किए। उन्हें पुष्पलता स्वर्ण पदक, प्रकाशवती दयाल स्वर्ण पदक तथा कुलपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। वहीं एलएलएम की छात्रा मुक्ता भारद्वाज को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक तथा कुलपति स्वर्ण पदक के लिए चयनित किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रोफेशनल विभाग के विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने भी विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान बनाकर कॉलेज का गौरव बढ़ाया। बीपीईएस के छात्र कशिश ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। एमएससी फूड एंड न्यूट्रिशन की छात्रा अरलीन कौर ने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया। बीएससी होम साइंस की छात्रा अफीफा तथा पीजी डिप्लोमा इन साइबर क्राइम एंड लॉ की छात्रा फाल्गुनी शर्मा ने भी अपने-अपने पाठ्यक्रमों में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अर्जित किए।
विद्यार्थियों की इन अभूतपूर्व उपलब्धियों के बाद आयोजित बैठक में प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह ने डॉ. सुधीर शर्मा को बायोटेक्नोलॉजी विभाग, डॉ. रविश कुमार को इंटीग्रेटेड विधि विभाग, डॉ. विपिन बालियान को बीपीईएस विभाग, डॉ. अपर्णा चौधरी को होम साइंस विभाग तथा डॉ. नैन्सी शर्मा को कंप्यूटर साइंस विभाग का विभागाध्यक्ष नियुक्त करते हुए नियुक्ति पत्र सौंपे।
प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह ने कहा कि मेरठ कॉलेज की यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नव नियुक्त विभागाध्यक्ष अपने नेतृत्व में विभागों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास तथा रोजगारपरक शिक्षा को नई दिशा देंगे। साथ ही उन्होंने सभी शिक्षकों से विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं एवं शोध कार्यों के लिए प्रेरित करने का आह्वान करते हुए नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक में समन्वयक डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. नरेंद्र शर्मा, डॉ. रुनझन, डॉ. राकेश त्यागी, डॉ. मोनिका शर्मा, डॉ. संदीप हुड्डा, डॉ. आशनि भार्गव, डॉ. गौरव, डॉ. गरिमा वाधवा, डॉ. महुआ चौधरी सहित प्रोफेशनल विभाग के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment