एक ईंट-एक रुपया' की परंपरा को फिर जीवित करेगा अग्रसेन सेवा ट्रस्ट : विनीत अग्रवाल शारदा
मोदीनगर में ट्रस्ट की बैठक, मेरठ का अग्रोधाम बनेगा सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता का केंद्र
मोदीनगर/मेरठ। श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट की एक बैठक रविवार को मोदीनगर में आयोजित हुई। इसमें भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की 'एक ईंट-एक रुपया' की परंपरा को पूरे देश में पुनर्जीवित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेरठ में निर्माणाधीन अग्रोधाम सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता का विश्वस्तरीय केंद्र बनेगा।
बैठक की अध्यक्षता वैश्य समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष मुन्नूलाल अग्रवाल ने की, जबकि संयोजन भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश सिंगल ने किया। संचालन अजय गुप्ता ने किया।
विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज में आत्मनिर्भरता और सहयोग की अनूठी व्यवस्था स्थापित की थी। नए परिवार के बसने पर प्रत्येक परिवार एक ईंट और एक रुपया देकर उसकी मदद करता था। ट्रस्ट इसी परंपरा को आधुनिक स्वरूप में पुनः शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट एक सहयोग राशि निर्धारित करेगा, जिसके माध्यम से जरूरतमंद अग्रवाल परिवारों को समाज के सहयोग से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मेरठ में लगभग 12 हजार वर्गगज भूमि पर अग्रोधाम का निर्माण किया जा रहा है। इसमें महाराजा अग्रसेन और मां महालक्ष्मी के मंदिर, भगवान शिव-पार्वती मंदिर, 51 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा, 50 शैय्याओं का निःशुल्क चिकित्सालय, 72 स्टूडियो अपार्टमेंट वाला वृद्धाश्रम, सभागार और यज्ञशाला जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उनका कहना था कि यह केवल भवन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा और सामाजिक समरसता का केंद्र होगा।
उन्होंने ट्रस्ट के संगठन का विस्तार उत्तर प्रदेश के छह क्षेत्रों में करने की घोषणा की। बैठक में गाजियाबाद जिले के लिए प्रमोद सिंगल के नाम का जिला अध्यक्ष पद हेतु अनुमोदन भी किया गया।
अपने संबोधन में विनीत अग्रवाल शारदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान प्रदेश में शराब और मांस बिक्री पर रोक लगाने की मांग भी की।
बैठक में ट्रस्ट के ट्रस्टी दीपक गुप्ता, राकेश गोयल, देवराज मित्तल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया और मेरठ में निर्माणाधीन अग्रोधाम के लिए सहयोग का संकल्प लिया। अंत में संयोजक दिनेश सिंगल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए अग्रोधाम निर्माण में अधिक से अधिक सहयोग का आह्वान किया।


No comments:
Post a Comment