नकली टाटा-टी और ऑल आउट पर छापा, तीन ठिकानों से दो लाख से अधिक का माल जब्त
मेरठ। सदर दाल मंडी क्षेत्र में टाटा टी और ऑल आउट के नाम पर कथित रूप से नकली उत्पादों की बिक्री का मामला सामने आया है। कंपनी की लीगल टीम, पुलिस और खाद्य विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन स्थानों पर छापेमारी कर दो लाख रुपये से अधिक मूल्य का संदिग्ध माल जब्त किया। कार्रवाई के बाद बाजार में हड़कंप मच गया।
चंडीगढ़ की स्पीड सर्च एंड सिक्योरिटी कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर सोमित सिंह आर्य ने बताया कि टाटा और ब्रिलोन कंपनी की ओर से नकली उत्पादों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। शिकायत मिलने पर टीम ने गोपनीय जांच की, जिसमें सदर दाल मंडी में डुप्लीकेट टाटा टी और ऑल आउट की बिक्री की पुष्टि हुई।
रविवार शाम पुलिस और खाद्य विभाग की टीम के साथ जैन किराना स्टोर सहित तीन स्थानों पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में संदिग्ध उत्पाद जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने नकली माल होने की जानकारी से इनकार करते हुए बताया कि वे यह सामान बड़ौत से खरीदकर लाते थे।
कंपनी के फील्ड मैनेजर ललित के अनुसार, आशीष जैन की दुकान से टाटा टी के 250 ग्राम के 22 पैकेट और 100 ग्राम के 12 पैकेट, राकेश कुमार जैन के यहां से एक किलोग्राम के 46 पैकेट, 100 ग्राम के 19 पैकेट तथा ऑल आउट के 34 पैकेट बरामद हुए। वहीं सप्लायर मुस्तकीम के यहां से टाटा टी के 280 पैकेट और ऑल आउट के 600 पैकेट जब्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सप्लायर समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जब्त सामान की जांच कराई जा रही है और पूरे सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। यदि उत्पाद नकली पाए जाते हैं तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment