आरजीपीजी कॉलेज में कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि

मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज (आरजीपीजी), मेरठ के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) विभाग द्वारा कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का आयोजन 22 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल होपेंद्र ठाकुर के मार्गदर्शन एवं महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता मलिक की अध्यक्षता में हुआ।

प्राचार्या प्रो. निवेदिता मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल सैन्य विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि उन वीर सैनिकों और उनके परिवारों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने छात्राओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासन, सेवा और देशभक्ति की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन अंडर ऑफिसर वर्तिका सिंह ने किया। इस अवसर पर सीनियर अंडर ऑफिसर हंसिका चौधरी, अंडर ऑफिसर अवनी शर्मा, क्वार्टर मास्टर सार्जेंट प्रीति तथा कैडेट काजल, एंजेल और नेहा सहित अन्य छात्राओं ने कारगिल के वीर शहीदों के साहस और बलिदान पर अपने विचार व्यक्त किए।

एएनओ मेजर प्रो. अंजुला राजवंशी एवं सीटीओ डॉ. प्रियंका ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने देशभक्ति गीत, कविता पाठ और कारगिल युद्ध पर प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किए। वीर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने की शपथ ली।

इस अवसर पर भूतपूर्व एनसीसी कैडेट्स लायबा, प्रिया, वर्षा, पारुल, हिमांशी, रितिका, शालू, कुमकुम और अंजलि सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts