बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत करना कांग्रेस नेता अशोक सिंह को पड़ा भारी
कांग्रेस अनुशासन समिति ने नोटिस थमाया नोटिस
लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने दो दिन के पहले दौरे पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आए पार्टी के कार्यकर्ता उमड़े के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक सिंह द्वारा स्वागत करना भारी पड़ गया है। कांग्रेस की अनुशासन समिति ने उन्हें नोटिस थमाया है। अशोक की स्वागत वाली वीडियो के बाद एक्शन लिया गया है।सात दिन में अशोक सिंह को जवाब देना होगा।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक सिंह ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कई पदों पर रह चुके हैं। मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के कर्ताधर्ता भी रह चुके हैं।प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के समय यूपी के ताकतवर नेताओं में अशोक सिंह की गिनती होती थी। हालांकि जब कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बने, तो उन्होंने कांग्रेस पार्टी के इस वरिष्ठ नेता को कोई तवज्जो नहीं दी। उनकी कोशिश लगातार दिल्ली तक जारी रही कि कैसे भी फिर से किसी विभाग की जिम्मेदारी मिले।कांग्रेस के एक राष्ट्रीय सचिव जिनके पास यूपी का सह प्रभार भी है, उनसे लगातार जुगाड़ भी लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक पद पाने में सफल नहीं हुए।
बीती एक जुलाई को जब कांग्रेस पार्टी के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पहली बार लखनऊ आए, तो अशोक सिंह भी उनके स्वागत में राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर के साथ मौजूद रहे। जोश और उत्साह के साथ पार्टी के यूपी प्रभारी का स्वागत किया, जिससे यह उम्मीद बरकरार रहे कि भविष्य में पद मिल सकता है।
इसी बीच चार और पांच जुलाई को अपने दो दिन के दौरे पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन लखनऊ आए. चार को उनके स्वागत के लिए शहर में जगह-जगह मंच सजे हुए थे। इन्हीं मंचों में से एक मंच बाबू बनारसी दास ग्रुप के अध्यक्ष विराज सागर दास की तरफ से भी सजाया गया था। कुछ समय पहले विराज सागर दास ने भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन की थी।
इसी मंच पर कांग्रेस पार्टी के नेता अशोक सिंह भी भारतीय जनता पार्टी का गले में पटका डाले हुए स्वागत के लिए मौजूद थे। यह तस्वीर सामने आई तो कांग्रेस पार्टी के ही होश फाख्ता हो गए। पार्टी ने जब अपने नेता की भाजपा नेता का स्वागत करने वाली तस्वीर देखी तो पार्टी की तरफ से उन्हें नोटिस जारी कर सात दिन के अंदर अपना जवाब दाखिल करने के लिए कहा गया है।
कांग्रेस अनुशासन समिति के सदस्य पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ल की तरफ से नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि चार जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत मंच पर कांग्रेस नेता अशोक सिंह के मौजूदगी थी, जो बिल्कुल भी सही नहीं माना जा सकता। उनका यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। सात दिन के अंदर जवाब दाखिल करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment