'जन नेता' रिलीज होते ही जश्न में डूबे फैंस
विजय की आखिरी फिल्म के स्वागत में थिएटरों में डांस, लेजर और ड्रोन शो
चेन्नई। तमिल सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नेता' गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। विजय के अभिनय करियर की आखिरी फिल्म मानी जा रही इस फिल्म को लेकर तमिलनाडु भर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई शहरों में थिएटरों के बाहर फैंस ने डांस, ढोल-नगाड़ों, लेजर शो और ड्रोन शो के साथ फिल्म का भव्य स्वागत किया।
चेन्नई के वुडलैंड्स और कैसिनो जैसे प्रमुख सिनेमाघरों में पहले शो से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बड़ी संख्या में प्रशंसक फिल्म की रिलीज का जश्न मनाते नजर आए। कई स्थानों पर विजय के पोस्टरों का दुग्धाभिषेक किया गया, अन्नदान हुआ और आतिशबाजी भी की गई। सुबह से ही सिनेमाघरों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के कार्यकर्ताओं ने भी फिल्म की रिलीज को उत्सव की तरह मनाया। तमिलनाडु के परिवहन मंत्री विजय तमिलन पार्थिबन ने कहा कि 'जन नेता' की रिलीज दिवाली और पोंगल जैसे त्योहार से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि फिल्म में उन्होंने एक छोटी भूमिका भी निभाई है, जिसे वह अपने जीवन का यादगार पल मानते हैं।
TVK विधायक के. वी. विजयधामु ने कहा कि रिलीज के दिन वह विधायक नहीं, बल्कि एक आम प्रशंसक की तरह फिल्म देखने पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि चेन्नई में करीब 100 लोगों को स्मृति-चिह्न के रूप में हेलमेट भी वितरित किए जाएंगे।
एच. विनोथ के निर्देशन में बनी 'जन नेता' में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज और नारायण प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म को विजय के अभिनय करियर का अंतिम अध्याय माना जा रहा है, क्योंकि इसके बाद वह पूरी तरह अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।


No comments:
Post a Comment