विकास कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त, गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति के दिए निर्देश
निर्माणाधीन परियोजनाओं, सीएम डैशबोर्ड और विकास योजनाओं की समीक्षा, अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
मेरठ, 14 जुलाई। विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने तथा गुणवत्ता के साथ परियोजनाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जो परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र हैंडओवर कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी को साप्ताहिक समीक्षा करने तथा अधूरे कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही रोड कटिंग, सड़क मरम्मत, पानी की टंकियों के निर्माण और पेयजल आपूर्ति कार्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन बाधित करने के भी निर्देश दिए गए।
सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन पर नाराजगी
सीएम डैशबोर्ड और विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विभागों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वे तत्काल सुधार करें। उन्होंने चेतावनी दी कि योजनाओं में लापरवाही के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
फैमिली आईडी की धीमी प्रगति पर चेतावनी
फैमिली आईडी योजना में लक्ष्य के सापेक्ष धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने उप निदेशक कृषि, सहायक श्रम आयुक्त (एएलसी) सहित संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी को नियमित समीक्षा कर लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया।
कांवड़ यात्रा की तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा को देखते हुए कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, झाड़ियों की कटाई और जल निकासी से जुड़े शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गौशालाओं की चारागाह भूमि की मैपिंग सुनिश्चित करने को भी कहा।
इन योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम कुसुम योजना, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, जल जीवन मिशन, हर घर जल, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण परीक्षा आकलन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सेतु निर्माण, प्रोजेक्ट अलंकार, ओडीओपी टूलकिट योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पीडी डीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मोहम्मद परवेज, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सतेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment