अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान
सीसीएसयू में 11.80 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित, ट्रैक सूट व ब्लेजर भी दिए गए
मेरठ। सीसीएसयू में शनिवार को सत्र 2023-24 एवं 2024-25 की अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के सेमिनार हॉल में आयोजित समारोह में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि के चेक, ट्रैक सूट एवं ब्लेजर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह राणा ने की। इस अवसर पर वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, निदेशक शोध प्रो. बीरपाल सिंह तथा प्रो. प्रदीप चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक आचार्य डॉ. जी.एस. रूहल ने किया।
विश्वविद्यालय की ओर से व्यक्तिगत स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 41 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 31 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। वहीं टीम स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 41 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इसके अलावा सभी सम्मानित खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय के मोनोग्राम सहित रेमंड के कपड़े का ब्लेजर और ट्रैक सूट भी प्रदान किया गया।
समारोह में 18 व्यक्तिगत स्पर्धाओं तथा एक टीम स्पर्धा के खिलाड़ियों को कुल 11.80 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए गए।इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के इंचार्ज प्रो. दिनेश कुमार, डॉ. ओमपाल, डॉ. जबर सिंह, डॉ. शशि भारती, मनोज त्यागी सहित विभाग के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment