मशहूर ‘जगन छोले भटूरे’ पर चला बुलडोजर, आधी दुकान ध्वस्त
अवैध निर्माण बताकर नगर निगम ने की कार्रवाई, दुकान मालिक ने स्टे ऑर्डर होने का किया दावा; व्यापारियों ने किया हंगामा
मेरठ। शहर के हापुड़ अड्डा चौराहे पर स्थित मशहूर ‘जगन छोले भटूरे’ की दुकान पर बुधवार को नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए दुकान के एक हिस्से को ध्वस्त कर दिया। नगर निगम की टीम ने संबंधित हिस्से को अवैध निर्माण बताते हुए बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्रवर्तन दल की मौजूदगी रही। दुकान का करीब आधा हिस्सा ध्वस्त किए जाने के बाद स्थानीय व्यापारियों और दुकान मालिक ने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा किया।
बताया गया कि नगर निगम की टीम पुलिस बल और प्रवर्तन दल के साथ लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के हापुड़ अड्डा चौराहे पर पहुंची थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ कोतवाली समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय व्यापारी और दुकान मालिक मौके पर जुट गए और नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करने लगे।
दुकान मालिक ने आरोप लगाया कि संबंधित निर्माण को लेकर न्यायालय से उनके पक्ष में स्थगन आदेश (स्टे) मिला हुआ है। उनका दावा है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए दुकान का हिस्सा ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कार्रवाई को अनुचित बताते हुए मामले में न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की बात कही।
वहीं, नगर निगम की ओर से कार्रवाई किए गए हिस्से को अवैध निर्माण बताया गया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक नगर निगम की ओर से इस मामले में विस्तृत आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया था।
कार्रवाई के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि न्यायालय का स्थगन आदेश प्रभावी था तो उसकी अनदेखी कैसे की गई, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विरोध की सूचना पर स्थानीय भाजपा नेता भी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से बातचीत की।
फिलहाल मामला नगर निगम की कार्रवाई और दुकान मालिक की ओर से किए गए कथित स्टे ऑर्डर के दावे के बीच उलझ गया है। अब नगर निगम के आधिकारिक पक्ष और न्यायालय में होने वाली आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।


No comments:
Post a Comment