पत्रकार हितों की रक्षा को संयुक्त प्रेस क्लब का संकल्प

मेरठ। संयुक्त प्रेस क्लब (रजि.) मेरठ की बैठक शनिवार को मेरठ प्रेस क्लब, मंगल पांडे नगर में वरिष्ठ पत्रकार अशोक गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पत्रकार हितों, संगठन की उपलब्धियों, आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई।

क्लब अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी ने कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय होने पर संयुक्त प्रेस क्लब उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और प्रशासनिक व कानूनी स्तर पर हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए पत्रकारों से एकजुट रहने का आह्वान किया।

महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने कहा कि संयुक्त प्रेस क्लब लगातार पत्रकारों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाता रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से समय-समय पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक, जिलाधिकारी और नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर पत्रकारों से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम भी मिले हैं।

बैठक में संगठन की उपलब्धियों की भी सराहना की गई। बताया गया कि क्लब के प्रयासों से कमिश्नरी चौराहे पर छह कुर्सी-बेंच स्थापित कराई गईं, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग कार्यालय में वाटर कूलर और पानी का फ्रिज उपलब्ध कराया गया। साथ ही मेरठ प्रेस क्लब परिसर में 16 सीटों वाली बेंच लगवाई गई तथा वर्षों से खराब पड़े हैंडपंप की मरम्मत कराकर उसे पुनः चालू कराया गया, जिससे पत्रकारों और आगंतुकों को पेयजल की सुविधा मिल रही है।

बैठक में पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं, बीमा योजना, पहचान पत्र, सुरक्षा, प्रशिक्षण कार्यक्रम और प्रशासनिक समन्वय जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts