दुकानदार ने ग्राहकों को बीच सड़क पलटे से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
मिठाई कम देने पर बवाल वीडियो वायरल, 2 गिरफ्तार
मेरठ। थाना गंगा नगर क्षेत्र में मिठाई कम देने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दुकान संचालक और उसके साथियों ने ग्राहकों को बीच सड़क दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गंगानगर क्षेत्र के कसेरू बक्सर स्थित अनि स्वीट्स (गुप्ता मिष्ठान भंडार) पर कुछ ग्राहक मिठाई खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान मिठाई कम देने को लेकर ग्राहक और दुकान पक्ष के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दुकान मालिक तथा उसके साथ मौजूद कई लोगों ने ग्राहकों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने ग्राहकों को दुकान से बाहर तक दौड़ाकर पीटा। इस दौरान मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के पलटे से भी हमला किया गया। बीच सड़क हुई इस मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई लोग ग्राहकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मारपीट की इस घटना में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलने पर गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह मारपीट हुई, वहां से थाना पुलिस की मौजूदगी वाली जगह महज कुछ कदम की दूरी पर है। इसके बावजूद बीच सड़क इतनी देर तक मारपीट होती रही। इसे लेकर पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बता दें कि गंगानगर थाना हाल के दिनों में पहले से ही सुर्खियों में है। कुछ दिन पहले इसी थाने में तैनात एक दरोगा को रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब बीच बाजार हुई इस मारपीट की घटना ने एक बार फिर थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


No comments:
Post a Comment