बिजली कटौती पर बड़ी कार्रवाई: अधीक्षण अभियंता समेत 7 अधिकारियों का तबादला
मेरठ, 14 जुलाई। लगातार बिजली कटौती और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों के बाद पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता तथा पांच उपखंड अधिकारियों (एसडीओ) का तबादला कर दिया है। इस कार्रवाई से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।
पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) रवीश गुप्ता के निर्देश पर शहरी क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता मोहम्मद अरशद को उनके पद से हटाकर एमडी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। वहीं, 33 केवी के अधिशासी अभियंता अंकित वशिष्ठ का तबादला देवबंद (सहारनपुर) कर दिया गया है।
इसके अलावा पांच उपखंड अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है। एसडीओ मोहम्मद जसीम अख्तर को गजरौला, रूपेश कुमार को शहरी क्षेत्र से ग्रामीण क्षेत्र, सतीश चंद्र को मुजफ्फरनगर तथा अमित कुमार मिश्रा और संतोष कुमार को सहारनपुर स्थानांतरित किया गया है।
विभागीय समीक्षा में सामने आया कि संबंधित अधिकारी बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में असफल रहे। उपभोक्ताओं की शिकायतों पर समय से कार्रवाई नहीं की गई और कई मामलों में अधिकारियों के व्यवहार को लेकर भी शिकायतें मिलीं। जनप्रतिनिधियों की शिकायतों की भी अनदेखी किए जाने की बात सामने आई है।
हाल ही में लगातार बिजली कटौती से नाराज लोगों ने देर रात एमडी और जिलाधिकारी के आवास का घेराव करने का प्रयास भी किया था। इसके बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की।
पीवीवीएनएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में लापरवाही और उपभोक्ताओं की शिकायतों की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


No comments:
Post a Comment