कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर मेरठ रेंज में चार अस्थायी थाने और 58 पुलिस चौकियां स्थापित

मेरठ। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ रेंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। मेरठ रेंज के चार जनपदों—मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़—में कुल चार अस्थायी थाने और 58 अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। इन सभी स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि कांवड़ मार्गों और मेला क्षेत्रों में अस्थायी पुलिस इकाइयां स्थापित करने का उद्देश्य श्रद्धालुओं को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराना, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाना और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि मेरठ जनपद में एक अस्थायी थाना और नौ पुलिस चौकियां, बुलंदशहर में एक थाना और 17 चौकियां, बागपत में एक थाना और 11 चौकियां तथा हापुड़ में एक थाना और 21 अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। सभी अस्थायी थानों और चौकियों पर संचार, बिजली, पेयजल, प्रकाश, फर्नीचर, प्राथमिक उपचार और जनसहायता जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए सभी अस्थायी पुलिस इकाइयों का जीपीएस कोऑर्डिनेट के साथ चिन्हांकन किया गया है। इससे कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारी इनकी लगातार निगरानी कर सकेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सहायता केंद्रों पर क्यूआर कोड लगाए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं, जिससे उन्हें मार्ग, निकटतम चिकित्सा सुविधा, शौचालय, पेयजल, भोजन और विश्राम स्थलों की जानकारी आसानी से मिल सके।

डीआईजी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार किया जाए और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी चौकियों पर फर्स्ट एड की व्यवस्था रखने तथा एंबुलेंस, अग्निशमन सेवा और अन्य आपातकालीन सेवाओं के संपर्क नंबर उपलब्ध रखने को कहा गया है।

पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी शिवभक्त के बीमार या घायल होने पर तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। यात्रा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts