महिला की हत्या का 4 घंटे में खुलासा, जेवर लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार
मेरठ। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सैदीपुर उर्फ रामनगर में बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या और जेवर चोरी की सनसनीखेज घटना का मेरठ पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। थाना परीक्षितगढ़ पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, लूटे गए सोने के कुंडल, चांदी की पाजेब और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार ने सूचना दी थी कि गांव निवासी 67 वर्षीय फूल समुन्द्री पत्नी स्वर्गीय रामसिंह की अज्ञात व्यक्ति ने गला काटकर हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर थाना परीक्षितगढ़ में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी सदर देहात के पर्यवेक्षण में विशेष अभियान चलाया गया। मामले के खुलासे के लिए थाना पुलिस, एसओजी, सर्विलांस, सीसीटीवी और अन्य पुलिस टीमों सहित कुल पांच टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 100 से अधिक स्थानीय लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे ग्राम रामनगर रजवाहे की पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 65 वर्षीय लीलू सिंह पुत्र सगबा सिंह निवासी ग्राम रामनगर, थाना परीक्षितगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने हत्या के साथ चोरी और साक्ष्य से संबंधित धाराओं की भी बढ़ोतरी कर दी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, मृतका के लूटे गए सोने के कुंडल, चांदी की पाजेब तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मजबूत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सफल खुलासे में थाना परीक्षितगढ़ पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर अपराधों के त्वरित खुलासे के लिए इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


No comments:
Post a Comment