जिले में 32.65 लाख पौधों का रोपण, हस्तिनापुर से राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने किया शुभारंभ
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार के 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 : एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत रविवार को मेरठ जनपद में 32.65 लाख पौधों का रोपण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। मुख्य कार्यक्रम हस्तिनापुर में आयोजित हुआ, जहां जल शक्ति विभाग के राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि प्रसिद्ध जादूगर वी. सम्राट ने अपने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान के तहत नोडल अधिकारी एवं आबकारी आयुक्त आदर्श सिंह ने काशी उपवन में मियावाकी पद्धति से विकसित किए जा रहे वन क्षेत्र में मौलश्री का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र भविष्य में घने वन का स्वरूप लेकर जनपदवासियों को स्वच्छ वातावरण और शुद्ध वायु उपलब्ध कराएगा। इस अवसर पर महापौर हरिकांत अहलूवालिया तथा नगर आयुक्त सौरभ गंगवार भी मौजूद रहे।
सांसद अरुण गोविल ने विधायक अमित अग्रवाल के साथ गंगानगर स्थित डब्ल्यू पॉकेट पार्क में पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए। वहीं एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में हरिशंकरी (पीपल, बरगद और पिलखन) का पौधारोपण किया। एमएलसी अश्विनी त्यागी ने ग्राम केलीरामपुर में अर्जुन, शीशम और अमरूद के पौधे लगाए तथा ग्रामीणों से उनकी सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की।
विधायक अतुल प्रधान ने अपर गंगा नहर क्षेत्र, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने ग्राम भोला के श्मशान घाट तथा ब्लॉक प्रमुख ब्रह्म सिंह ने सारंगपुर वन ब्लॉक में पौधारोपण कर लोगों को हरित पर्यावरण के लिए प्रेरित किया।
प्रभागीय निदेशक वंदना फोगाट ने बताया कि अभियान के अंतर्गत वन विभाग ने 4,49,907 और अन्य विभागों ने 28,15,410 पौधों का रोपण किया। इस प्रकार जनपद में कुल 32,65,317 पौधे लगाए गए। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।




No comments:
Post a Comment