व्यापारी से लूट का खुलासा, 3 बदमाश गिरफ्तार
2 बाल अपचारी हिरासत में; बिना नंबर की कार और तमंचा बरामद
मेरठ। रोहटा थाना पुलिस ने व्यापारी से लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की नकदी, वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की पोलो कार, अवैध तमंचा और बड़ी मात्रा में मोबाइल फोन के पार्ट्स बरामद किए हैं। खुलासे की जानकारी गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे दी गई।
एसएसपी के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अरनावली बंबा के पास से अक्षत उर्फ छोटू, ईशान उर्फ ईशू और वैभव को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने 19 जून को रोहटा क्षेत्र में एक व्यापारी से 8,700 रुपये नकद और एक टेक्नो स्पार्क मोबाइल फोन लूटने की वारदात स्वीकार कर ली।
मोबाइल तोड़कर बेच दी थी मदरबोर्ड
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटे गए मोबाइल फोन को तोड़कर उसकी मदरबोर्ड प्लेट शाकिब और शहजाद को बेच दी थी। इस सूचना पर पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।
उनके कब्जे से लूटे गए मोबाइल की मदरबोर्ड प्लेट और बैटरी के अलावा विभिन्न कंपनियों के 1078 मोबाइल स्क्रीन, 313 फोल्डर और 245 बैटरियां बरामद हुईं। पुलिस के पूछने पर दोनों आरोपी इन सामानों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
नकदी, तमंचा और पोलो कार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 3,000 रुपये, एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की पोलो कार भी बरामद की है।
मुकदमे में बढ़ाई गईं धाराएं
बरामदगी और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में लूट के माल की बरामदगी, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराएं बढ़ा दी हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया, जबकि दोनों बाल अपचारियों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
रोहटा थाना पुलिस की कार्रवाई की सराहना
पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व रोहटा थाना प्रभारी पूजा पंवार ने किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले के त्वरित खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए टीम की सराहना की।


No comments:
Post a Comment