16 जुलाई से शुरू होंगी सीसीएसयू की बीएड प्रथम वर्ष की प्रायोगिक परीक्षाएं
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने संबद्ध बीएड कॉलेजों के प्रथम वर्ष की प्रायोगिक एवं मौखिक परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। नई समय-सारिणी के अनुसार परीक्षाएं 16 जुलाई से शुरू होकर 22 अगस्त तक आयोजित की जाएंगी।
विश्वविद्यालय ने इससे पहले 14 जुलाई से 18 सितंबर तक का परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया था, जिसे बाद में निरस्त कर दिया गया। इससे प्रदेश के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार से आने वाले हजारों छात्र-छात्राओं को असुविधा के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा, क्योंकि कई विद्यार्थियों ने पहले ही यात्रा के लिए आरक्षण करा लिया था।
परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव के अनुसार संशोधित कार्यक्रम में प्रत्येक दो दिन में करीब 50 या उससे अधिक बीएड कॉलेजों की प्रायोगिक एवं मौखिक परीक्षाएं आयोजित होंगी। पहले चरण में 16 और 17 जुलाई को लगभग 52 कॉलेजों की परीक्षाएं कराई जाएंगी, जबकि अंतिम चरण 21 और 22 अगस्त को 24 कॉलेजों की परीक्षाओं के साथ संपन्न होगा।
विश्वविद्यालय ने सभी प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि प्रायोगिक एवं मौखिक परीक्षाओं से पहले छात्रों के आंतरिक मूल्यांकन के अंक पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड कर दिए जाएं। विश्वविद्यालय का कहना है कि पिछले वर्ष आंतरिक अंक अपलोड न होने के कारण कई छात्र-छात्राएं परीक्षाओं में शामिल नहीं हो सके थे। इसलिए इस बार समय रहते सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश जारी किए गए हैं।


No comments:
Post a Comment