कब बरसेंगे मेघा, सूरज बरसा रहा आग, गर्म हवा ने बढ़ाई बेचैनी
उमस ने निकाला लोगों का दम ,असमान में टकटकी लगाए बरसात का इंतजार कर रहे लोग
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर शुरू हो जाता है, जबकि दोपहर तक हालात और मुश्किल हो जाते हैं। बारिश नहीं होने से तापमान ऊंचा बना हुआ है और लोगों को राहत का इंतजार है।
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही काफी कम हो गई है। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। बाजारों में भी दोपहर के समय सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और खुले में काम करने वाले लोगों को हो रही है। भीषण गर्मी में कूलर व एसी भी काम नहीं कर पा रहे है। रही बची कुची कसर बिजली की आंख मिचौनी कर रही है।
अभी कुछ दिन और सताएगी गर्मी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार कम हैं। मानसून के सक्रिय होने और अच्छी बारिश होने के बाद ही तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। तब तक लोगों को गर्म मौसम का सामना करना पड़ सकता है।
चिकित्सकों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
भीषण गर्मी व उमस के कारण जिला अस्पताल मेडिकल की ओपीडी में उल्टी ,दस्त व बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने की सलाह दी है। उनका कहना है कि गर्मी और उमस के दौरान थोड़ी-सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है।
बारिश पर टिकी हैं सबकी निगाहें
भीषण गर्मी और उमस के बीच अब लोगों की उम्मीदें मानसून की अच्छी बारिश पर टिकी हैं। बारिश होने के बाद ही मौसम सुहाना होने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।



No comments:
Post a Comment