शहर के 14 केन्द्रों आयोजित होगी फार्मासिस्ट मुख्य परीक्षा
6768 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, सुबह 8 बजे से शुरू होगी एंट्री
मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से आयोजित फार्मासिस्ट मुख्य परीक्षा सोमवार 29 जून को जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित होगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में होगी, जिसमें 6,768 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए डीएम कार्यालय में एडीएम सिटी बृजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्राध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। एडीएम सिटी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा कक्ष तक कोई भी अधिकारी या कक्ष निरीक्षक मोबाइल फोन लेकर नहीं जाएगा। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अभ्यर्थियों का प्रवेश परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले सुबह 8 बजे से शुरू होगा और सुबह 9:30 बजे तक ही केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो-दो कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। कक्ष निरीक्षक यह भी सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने वाले सभी अभ्यर्थी बायोमैट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर चुके हों।
यह दस्तावेज साथ लाना होगा अनिवार्य
पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, बेगमपुल रोड के उपप्रधानाचार्य प्रशांत चौधरी ने आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक अभ्यर्थी को डाउनलोड किया गया प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र (आधार कार्ड की मूल प्रति सहित) और नवीनतम पासपोर्ट साइज की दो रंगीन फोटो साथ लानी अनिवार्य होगी। निर्धारित दस्तावेजों के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


No comments:
Post a Comment