शिकायत पर्ची नंबर से हल होगी समस्या
पीड़ितों की सुविधा के लिए पुलिस की पहल, ऑफिस के चक्कर लगाकर नहीं होंगे परेशान
मेरठ। मेरठ पुलिस ने शिकायतकर्ताओं की सुविधा के लिए अब पर्ची नंबर से मदद की सुविधा शुरू की है। इसके तहत शिकायतकर्ताओं को एक पर्ची दी जाएगी। उस पर्ची पर एक नंबर होगा। शिकायतकर्ता की शिकायत पर क्या अपडेट है, मामला कहां तक पहुंचा इसकी जानकारी के लिए उसे एसपी सिटी कार्यालय आने की जरूरत नहीं होगी। बल्कि वो घर बैठे ही अपनी पर्ची के नंबर के आधार पर मोबाइल कॉल के जरिए अपनी शिकायत का अपडेट ले सकेगा।
जनसुनवाई को और उपयोगी, सुविधाजनक बनाने के लिए यह सिस्टम शुरू किया गया है। फरियादी पर्ची नंबर बताकर घर बैठे अपनी शिकायत की कार्रवाई का अपडेट ले सकेंगे। इससे नागरिकों को बार-बार एसपी सिटी कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी और जनसुनवाई बेहतर होगी।
पर्ची नंबर बताते ही मिलेगा अपडेट
लोगों को अब शिकायत करने के बाद बार-बार एसपी सिटी कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। पर्ची का नंबर बताते ही शिकायत में हुई कार्रवाई की पूरी जानकारी पीड़ित को उपलब्ध होगी। यदि शिकायतों के निस्तारण में देरी होती है तो थाना प्रभारी और विवेचक को तलब किया जाएगा।
एसपी सिटी के अनुपस्थित रहने पर भी शिकायत का नंबर बताकर पीड़ित कार्रवाई की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने घंटाघर स्थित कार्यालय में पीड़ितों को राहत देने के लिए शुक्रवार से नई व्यवस्था लागू की है। प्रत्येक शिकायत के लिए एक पर्ची जारी की जाएगी, जिसमें शिकायत नंबर अंकित होगा। इस नंबर के माध्यम से शिकायतकर्ता घर बैठे भी अपनी शिकायत का अपडेट ले सकेंगे। मोबाइल काल के जरिए भी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। यदि कोई शिकायत झूठी पाई जाती है तो शिकायतकर्ता पर भी कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी ने बताया कि जनसुनवाई को बेहतर बनाने के लिए एक प्रारूप तैयार किया है, जिसे शुक्रवार से लागू किया गया है।


No comments:
Post a Comment