दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बदला मौसम का मिजाज

लोगों को गर्मी से मिली राहत
नई दिल्ली (एजेंसी)।सोमवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। गुरुग्राम सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कई इलाकों में सुबह-सुबह हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली।

बारिश की बूंदों ने दिन की शुरुआत के साथ ही गर्मी के तेवर को नरम कर दिया। गुरुग्राम-दिल्ली समेत एनसीआर के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। इस मौसमी बदलाव का सीधा असर दिन के तापमान पर देखने को मिला, जो सामान्य से कुछ डिग्री नीचे चला गया। लोगों ने इस सुहावने मौसम का आनंद लिया और कई जगहों पर लोग अपने घरों से बाहर निकलकर इस बदलाव का अनुभव करते नजर आए।

राजधानी में रविवार को गर्मी के कारण लोग बेहाल दिखे। 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 4.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। अगले एक सप्ताह तक कड़ी धूप निकलने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 20 जून तक अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार दोपहर से शाम तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से धूल भरी आंधी चलने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने का अनुमान है। वहीं, 20 जून तक यह लगभग 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts