भोपा गंगनहर पुल से बुर्कापोश महिला ने किया खुदकशी का प्रयास
पुलिस व गोताखोरों ने बचाया,प्लॉट के बैनामे को लेकर पति-पत्नी में हुआ था विवाद
थाने जाने की बात कहकर घर से निकली थी महिला
मुजफ्फरनगर। क्षेत्र के अंतर्गत सुसाइड पॉइंट बनते जा रहे ऐतिहासिक भोपा गंगनहर पुल पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बुर्का पहने एक महिला ने अचानक नहर में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि पुल के पास पहले से ही मुस्तैद भोपा पुलिस के जवानों और स्थानीय गोताखोरों की नजर महिला पर पड़ गई। टीम ने फुर्ती दिखाते हुए ऐन वक्त पर दौड़कर महिला को रैलिंग पार करने से रोक लिया और उसे सकुशल हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
घटना की सूचना पाकर आनन-फानन में महिला का पति महताब भी भोपा थाने पहुंच गया। थाने पहुंचे महताब ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से जनपद के सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव आसफनगर का निवासी है। वर्तमान में वह नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव मखियाली में रहकर वहां स्थित एक पेपर मिल में मजदूरी का कार्य करता है। रविवार की सुबह उसकी पत्नी अंजुम के साथ किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी और घरेलू विवाद हो गया था। इसके बाद अंजुम गुस्से में घर से यह कहकर निकली थी कि वह थाने जा रही है और उसके खिलाफ रिपोर्ट लिखवाएगी। लेकिन कुछ ही देर बाद उसे भोपा पुलिस द्वारा फोन पर सूचना मिली कि उसकी पत्नी गंगनहर पुल से कूदकर जान देने की कोशिश कर रही थी।
प्लॉट के नाम को लेकर चल रहा है दोनों में झगड़ा
पति महताब ने पुलिस के सामने पारिवारिक पृष्ठभूमि का खुलासा करते हुए बताया कि अंजुम उसकी दूसरी पत्नी है। उसकी पहली पत्नी गांव आसफनगर में ही रहती है, जिससे उसके तीन बच्चे हैं। वह फिलहाल मखियाली गांव में किराए का मकान लेकर अंजुम के साथ रह रहा है। महताब के मुताबिक, वह मखियाली गांव में ही एक प्लॉट खरीदने का प्रयास कर रहा है, जिसके लिए वह लगातार पैसे जोड़ रहा था। विवाद की मुख्य वजह यह है कि पत्नी अंजुम उस प्लॉट का बैनामा (रजिस्ट्री) सीधे अपने नाम पर कराने की जिद पर अड़ी है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ समय से मनमुटाव और कहासुनी चल रही थी।
वहीं दूसरी ओर, थाने में मौजूद महिला अंजुम का रो-रोकर बुरा हाल था। उसने पति महताब के दावों को नकारते हुए उस पर गंभीर आरोप लगाए। अंजुम ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसके साथ अक्सर मारपीट करता है और उसका मानसिक व शारीरिक शोषण किया जा रहा है। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाने का मन बनाया था।
पुलिस ने की काउंसलिंग
भोपा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की काउंसलिंग की जा रही है और मामले की गहराई से जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


No comments:
Post a Comment