हर युवा को एआई एक्सपर्ट बनाएगी सरकार: मंत्री कपिल अग्रवाल
वृहद मंडलीय रोजगार मेले में 1342 युवाओं को मिले जॉब ऑफर लेटर
- तीन लाख का पैकेज पाकर खिले युवाओं के चेहरे
मेरठ। प्रदेश सरकार की ओर से बुधवार को मेरठ मंडल के युवाओं को नौकरियां प्रदान करने के लिए वृहद मंडलीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान 53 कंपनियों ने साक्षात्कार के माध्यम से 1342 युवाओं को जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि सरकार प्रदेश के हर युवा को एआई एक्सपर्ट बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, ताकि युवाओं को एंटरप्रेन्योर बनाया जा सके।
साकेत स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के परिसर में आयोजित रोजगार मेले में सुबह से ही युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम का शुभारंभ व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल और सीडीओ नुपूर गोयल ने किया। कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को स्किल एजुकेशन प्रदान करके इनोवेशन के क्षेत्र से जोड़ रही है। उन्होंने सीडीओ से कहा कि जिलास्तर पर युवाओं के इनोवेशन का पेटेंट कराने की व्यवस्था की जाए। आईटीआई चेयरमैन विवेक कोहली ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार और उद्योगों के समन्वय से युवाओं को दिशा मिल रही है। प्रदेश सरकार युावाओं को स्किल्ड प्रदान कर रही है, जिसका सीधा लाभ उद्योगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सहयोग से जल्द ही भारत तकनीक के क्षेत्र में चीन और जापान से भी आगे होगा। सीडीओ नूपुर गोयल ने साक्षात्काार में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर मिलने पर बधाई दी। उन्होंने युवाओं से मन लगाकर कार्य करने का आहवान किया।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए डबल इंजन की सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का कायाकल्प हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 225 से अधिक प्रशिक्षण संस्थानों को मॉडर्न लुक दिया गया है। इन संस्थानों में युवाओं को पलम्बर से एसी, प्रिंटिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, इलेक्ट्रिशियन आदि की ट्रेनिंग दी जा रही है। महिलाएं अब केवल ब्यूटीशियन ही नहीं ड्रोन उड़ाने का प्रशिक्षण लेकर विकसित भारत का हिस्सा बन रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी का सपना प्रदेश के हर युवा को एआई एक्सपर्ट बनाकर एंटरप्रेन्योर बनाने का है। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में एआई का प्रशिक्षण प्रारंभ करके इसकी शुरूआत की जा चुकी है। मंत्री कपिल अग्रवाल ने कहा कि आईटीआई से कौशल विकास की शिक्षा लेकर युवा पहले अप्रेंटिस करके उद्योग जगत की आवश्यकताओं को समझें। फिर मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना के तहत ऋण लेकर स्वयं उद्यमी बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के 2047 तक विकसित भारत बनने का सपना युवाओं को स्किल्ड एजुकेशन में निपुण करके ही पूरा किया जा सकता है।
इस दौरान टाटा मोटर्स, भारत मोटर्स, जेबीएम ग्रुप, लेनोवो ग्रुप, महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी 53 कंपनियों के अधिकारियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया। कार्यक्रम के अंत में साक्षात्कार में सफल युवाओं को राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, कैंट विधायक नुपूर गोयल, विवेक कोहली आदि ने जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए।
शुरूआती दौर में ढाई से तीन लाख का पैकेज
आईटीआई की शिक्षा प्राप्त करते ही ऑफर लेटर प्राप्त करने वाले हापुड़ निवासी नितिन कुमार ने कहा कि उनका चयन अप्रेंटिस के लिए किया गया है। इस दौरान उन्हें डेढ़ लाख रूपये वार्षिक का भुगतान होगा। टाटा मोटर्स में चयनित होने वाले दीपक कुमार ने बागपत से आकर रोजगार मेले में प्रतिभाग किया। कैरियर के शुरूआती दौर में ही लगभग तीन लाख का वेतन पैकेज मिलने पर वह बहुत उत्साही दिखाई दिए। बड़ौत निवासी अंशु ने भी जॉब ऑफर लेटर मिलने पर प्रदेश सरकार का धन्यवाद दिया।


No comments:
Post a Comment