- नागपुर धर्मांतरण मामलाः मौलाना ने किया सरेंडर
वायुसेना अफसर की पत्नी से जुड़ा है मामला
मुंबई।महाराष्ट्र के नागपुर में वायुसेना अधिकारी की पत्नी के साथ कथित तौर पर काला जादू, सम्मोहन के जरिए दुष्कर्म करने तथा जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में शामिल मौलाना मजरत मेहमूद मकसूद ने बुधवार देर रात सोनेगांव पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर दिया।
सोनगांव पुलिस की टीम तीन दिन तक तामिया, मध्य प्रदेश जाकर मौलाना को ढूंढती रही लेकिन वह नहीं मिला। आखिर बुधवार देर रात वो खुद थाने पहुंचा और उसने पुलिस के सामने आत्मसर्पण कर लिया है। मौलाना मजरत मेहमूद मकसूद की उम्र 38 साल है और वह मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले का रहनेवाला है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि महिला के बयान और मौलाना की गिरफ्तारी के बाद कथित धर्मांतरण प्रकरण की वास्तविकता सामने आने की उम्मीद है। इस मामले में सोनेगांव पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर 26 वर्षीय अय्याज ताज मदर और 30 वर्षीय अमीन शेख को पहले ही गिरफ्तार किया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को रिकॉर्ड करने वाली महिला को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उसके उपस्थित नहीं होने पर पुलिस उसके घर जाकर बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता विवाहित है और उसके पति भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती दूसरे शहर में है और इधर, महिला प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। उसका आरोप है कि फरवरी 2025 में उसके पुराने सहपाठी अय्याज ने प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क साधा था।
महिला का कहना है कि अय्याज उसे वर्धा रोड स्थित एक होटल में ले गया, जहां जूस में कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। पीड़िता के अनुसार, बेहोश होने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान वीडियो व तस्वीरें भी बना लीं। महिला का आरोप है कि बाद में इन्हीं वीडियो और तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर लंबे समय तक उसका यौन शोषण किया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी ने ब्लैकमेल कर उससे 3 लाख 9 हजार रुपये वसूल लिए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था। उसके मुताबिक, धर्म परिवर्तन के नाम पर उससे कई धार्मिक रस्में और प्रक्रियाएं भी कराई गईं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी महिला के साथ कलमा पढ़ते हुए और उस पर फूंक मारते हुए दिखाई दे रहा है।


No comments:
Post a Comment