शिक्षा विभाग में करोड़ों का घोटाला
- अयोध्या में सीबीआई की छापेमारी, कब्जे में लिए दस्तावेज
अयोध्या (एजेंसी)।यूपी में शिक्षा विभाग से जुड़े कथित करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच के तहत केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को अयोध्या में छापेमारी की। कोतवाली नगर क्षेत्र की देवकाली पुलिस चौकी के निकट स्थित पवन कुमार मालवीय के आवास पर सुबह करीब 6.00 बजे पहुंची सीबीआई टीम ने लगभग तीन घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अभिलेख अपने कब्जे में लिए। साथ ही संबंधित लोगों से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई अमेठी जनपद के वित्त एवं लेखा विभाग तथा शिक्षा विभाग में हुए कथित करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले की जांच के सिलसिले में की गई। बताया जा रहा है कि उच्च न्यायालय के आदेश पर मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।
स्पेशल कोर्ट से जारी सर्च वारंट के आधार पर अयोध्या समेत अमेठी, लखनऊ, प्रतापगढ़ और कुशीनगर में भी एक साथ छापेमारी की गई। सीबीआई की डीआईजी शिवानी तिवारी के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली है। जांच जारी है।
हाईकोर्ट के निर्देश पर चल रही है जांच
अमेठी के बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा अनुभाग में 7 करोड़ रुपए से अधिक की कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में हाईकोर्ट के निर्देश पर सीबीआई जांच कर रही है। जांच की निगरानी डीआईजी शिवानी तिवारी के नेतृत्व में की जा रही है।
इसके लिए 8 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। टीमों ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एक साथ कार्रवाई की। सीबीआई की एक टीम अमेठी में कैंप कर रही है, जबकि अन्य टीमें लखनऊ, अयोध्या, प्रतापगढ़ और कुशीनगर में संदिग्धों व मामले से जुड़े लोगों के ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।


No comments:
Post a Comment