मेरठ से गूंजी छात्रों की आवाज
राहुल कस्वां ने शुरू किया ‘छात्रों की गूंज’ अभियान, युवाओं के मुद्दों को मिलेगा मंच
मेरठ। छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे "छात्रों की गूंज" अभियान को लेकर गुरुवार को मेरठ के अपार चैंबर में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। राजस्थान के चूरू से सांसद राहुल कस्वां ने संबोधित किया और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पत्रकारों के सामने रखी।
राहुल कस्वां ने बताया कि 30 जून से 9 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष अभियान के माध्यम से छात्रों, युवाओं और शिक्षा जगत से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न जनसंवाद, संगोष्ठियां, छात्र बैठकें और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से छात्रों की समस्याओं, सुझावों और मांगों को सरकार एवं समाज के सामने प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रतियोगी परीक्षाओं, भर्ती प्रक्रियाओं, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार से जुड़े कई ऐसे विषय हैं, जिन पर गंभीर चर्चा और समाधान की आवश्यकता है। "छात्रों की गूंज" अभियान का उद्देश्य युवाओं की आवाज को मजबूत मंच प्रदान करना है ताकि उनके मुद्दे नीति निर्माण के स्तर तक पहुंच सकें।
अभियान के मेरठ शहर संयोजक अवनीश काजला, हेमंत प्रधान, शहर अध्यक्ष रंजन शर्मा, जाहिद अंसारी, हरिकिशन वर्मा, धूम सिंह गुर्जर, नसीम कुरैशी, सलीम खान, रीना शर्मा, बबीता गुर्जर, चौधरी यशपाल सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित विकल तथा एनएसयूआई अध्यक्ष सहरयाब मुखिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उपरांत सांसद राहुल कस्वां शीलकुंज स्थित पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश काजला के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न छात्र संगठनों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।
इस दौरान नीट परीक्षा से प्रभावित अभ्यर्थियों, शिक्षक भर्ती उम्मीदवारों तथा विभिन्न सरकारी नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने अपनी समस्याएं और मांगें सांसद के समक्ष रखीं। राहुल कस्वां ने सभी छात्रों की बात गंभीरता से सुनी और भरोसा दिलाया कि उनके मुद्दों को उचित मंचों पर मजबूती के साथ उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा और छात्र शक्ति है तथा उनकी समस्याओं का समाधान लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए। छात्रों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए कांग्रेस निरंतर संघर्ष करती रहेगी।कार्यक्रम के दौरान छात्र हितों, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसरों को लेकर व्यापक चर्चा हुई तथा युवाओं को अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।


No comments:
Post a Comment