रेंज में चाइनीज मांझे पर शिकंजा
दो साल में 40 मुकदमे दर्ज, 56 आरोपी जेल भेजे गए
मेरठ।मेरठ रेंज पुलिस प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पिछले दो वर्षों में रेंज के चार जिलों में मांझे के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग से जुड़े 40 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 56 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा की। समीक्षा में सामने आया कि कार्रवाई के मामले में मेरठ जिला पूरे रेंज में सबसे आगे रहा।मेरठ में दो वर्षों में 37 मुकदमे दर्ज किए गए, जिनमें 51 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा भी बरामद किया है।वहीं, हापुड़ जिले में तीन मुकदमे दर्ज किए गए, जिनमें पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। दूसरी ओर, बागपत और बुलंदशहर में इस अवधि के दौरान प्रतिबंधित मांझे को लेकर कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।डीआईजी ने समीक्षा के दौरान बागपत और बुलंदशहर पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित मांझे के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।साथ ही, पहले से चिह्नित कारोबारियों और आरोपियों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। डीआईजी ने बताया कि चाइनीज मांझा न केवल कानूनन प्रतिबंधित है, बल्कि यह आम लोगों, दोपहिया सवारों और पक्षियों के लिए भी खतरनाक साबित हो रहा है। ऐसे में इसके कारोबार और उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


No comments:
Post a Comment