मंदिरों से स्कूलों तक सामूहिक योगाभ्यास
लोगों ने लिया स्वस्थ रहने का संकल्प, लोगों को किया गया जागरूक
मेरठ । अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिले के मंदिरों ,स्कूलों, सीएचसी, पीएचसी में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका परिषद मवाना, हस्तिनापुर, सरधना ,मवाना , खरखौदा आदि स्थानों पर योग दिवस के सफल आयोजन के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई थी। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया।ढिकोली कॉलोनी के महादेव मंदिर और अमृत सरोवर परिसर में योग प्रशिक्षकों ने प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी सहित विभिन्न योगासन कराए। प्रतिभागियों को योग से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य सुधारने के तरीके बताए गए। ए.एस. इंटर कॉलेज परिसर में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
इसके अतिरिक्त, नगर के उत्सव मंडप, विभिन्न विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, पार्कों और धार्मिक स्थलों पर भी योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित हुए। कई स्थानों पर योग शिविर लगाकर लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने योग को भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है।वक्ताओं ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। उन्होंने लोगों से योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और यह स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


No comments:
Post a Comment