जयपुर में 8 लोगों की मौत का जिम्मेदार गिरफ्तार

अवैध पटाखा फैक्ट्री में काम करने वाले जिंदा जल गए थे, 2 आरोपी अब भी फरार

जयपुर। जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्री में 9 जून को हुए अग्निकांड के मुख्य आरोपी कयूम खान  को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा अभी 2 अन्य मुख्य आरोपी फरार हैं। इनमें कयूम का भाई याकूब और इनका बिजनेस पार्टनर फिरोज शामिल हैं।

पुलिस टीम ने मंगलवार को यूपी केअलीगढ़  में दबिश देकर उसे दबोचा। वह पिछले एक हफ्ते से दिल्ली और यूपी में अपने ठिकाने बदल-बदलकर फरारी काट रहा था।

डीसीपी (ईस्ट) रंजिता शर्मा ने बताया- कयूम खान राक्ष्या की ढाणी, खोह-नागोरियान, जयपुर का रहने वाला है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें पिछले 8 दिनों से दिल्ली और उत्तर प्रदेश (UP) में लगातार छापेमारी कर रही थीं। पूछताछ में सामने आया है कि फरारी के दौरान कयूम ने पकड़े जाने के डर से अपने रिश्तेदारों और परिजनों से भी संपर्क पूरी तरह काट लिया था।

दिल्ली से जयपुर तक फैला था नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि कयूम खान ने ज्यादा पैसे कमाने के लालच में पार्टनरशिप में यह अवैध पटाखा फैक्ट्री खोली थी। जयपुर के रहीम नगर सेकेंड स्थित उसका आलीशान मकान है। यहीं से यह पूरे नेटवर्क को ऑपरेट करता था।

कयूम के साथ उसका भाई याकूब भी इसी आलीशन घर में रहता है। दोनों भाई मिलकर इस अवैध फैक्ट्री को ऑपरेट कर रहे थे। कयूम दिल्ली से शुरू हुए इस अवैध कारोबार को जयपुर में बड़े स्तर पर फैलाने की तैयारी में था।

सड़क पर तड़पते रहे लोग, आरोपी मरता छोड़ भागे

अग्निकांड के दिन दिल्ली से गाड़ियों में भरकर अवैध विस्फोटक सामान जयपुर लाया गया था। माल खाली करवाने के लिए दिल्ली से नासिर और रेहान नाम के दो युवक भी साथ आए थे।

माल उतरने के बाद गाड़ियां तो वापस लौट गईं, लेकिन नासिर और रेहान फैक्ट्री में ही रुककर आराम करने लगे। इसी दौरान अचानक आग लग गई। बारूद तक चिंगारी पहुंची तो धमाका हुआ। आरोपी कयूम और फिरोज दोनों युवकों को तड़पता और मरता हुआ छोड़कर मौके से भाग निकले। इस हादसे में झुलसे लोग सड़क पर तड़पते नजर आए थे।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि मामले में कयूम का भाई याकूब, फैक्ट्री मालिक फिरोज सहित अन्य आरोपी फरार हैं। खोह-नागोरियान थाना पुलिस कयूम से पूछताछ कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

9 जून की सुबह भड़की थी आग

जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्री में 9 जून की सुबह 11 बजे आग लग गई थी। अग्निकांड में एक बच्चे, दो भाइयों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। पटाखा फैक्ट्री मकान नंबर- 88 करीम नगर-बी रिहायशी इलाके में चल रही थी। मकान याकूब पुत्र नजीर खान निवासी- राक्ष्या की ढाणी खोह नागोरियान का है।

याकूब ने अपना मकान फिरोज निवासी- नई दिल्ली को किराए पर दे रखा था। फिरोज मकान में अवैध रूप से इवेंट (शादी व अन्य कार्यक्रमों के लिए) के पटाखों की पैकिंग करवाता था। फिरोज के इस अवैध कारोबार में याकूब और उसका भाई कयूम पार्टनर थे।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

मुख्य आरोपी को दबोचने में खोह-नागोरियान थानाधिकारी प्रकाशराम विश्नोई के नेतृत्व में गठित टीम की अहम भूमिका रही। टीम में शामिल SI मुकेश, SI बजरंग लाल, कॉन्स्टेबल धीरज और सुमनेश ने लगातार कयूम का पीछा किया और आखिरकार उसे अलीगढ़ से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts