800 करोड़ की लागत से मेरठ में बनेगा ज्वैलरी पार्क
-मेडा ने व्यापारियों के सामने प्रस्तुत की बिल्डिंग की झलक
- क्राउन के आकार की होगी बिल्डिंग, झूमके के आकार का प्रवेश द्वार
मेरठ। मेरठ के सर्राफा कारोबार को बुलंदियों पर पहुंचाने के लिए सरकार की ओर से व्यापारियों को ज्वलैरी पार्क की सौगात दी गई है। सराफा कारोबारा को अंतर्राष्ट्रीय बुलंदियों पर ले जाने के लिए प्रस्तावित ज्वैलरी पार्क के निर्माण का दायित्व मेरठ विकास प्राधिकरण मेडा को सौंपा गया है। बुधवार को मेडा ने 800 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस ज्वैलरी पार्क की पहली झलक कारोबारियों के सामने पेश की। वेदव्यासपुरी में बनने वाला यह पार्क क्राउन के आकार का होगा, जिसका प्रवेश द्वार झुमके के आकार का रहेगा। मेडा द्वारा प्रस्तावित इस ज्वैलरी पार्क में आभूषण कारोबार से जुड़ी सभी आधुनिक सुविधाएं तो उपलब्ध रहेंगी ही, लेकिन इसकी सबसे बड़ी विशेषता वास्तु शिल्प होगी।
मेडा अधिकारियों की ओर से बुधवार को पीएल शर्मा मैदान के निकट स्थित एक सभागार में सर्राफा कारोबारियों के सामने ज्वैलरी पार्क की पहली झलक प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने बताया कि वेदव्यासपुरी में बनने वाला ज्वैलरी पार्क क्राउन यानी मुकुट के आकार की भव्य इमारत के रूप में विकसित किया जाएगा। इस पूरी परियोजना पर करीब 800 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस परियोजना के प्रवेश द्वार को आकर्षक लुक देने के लिए झुमके के आकार में बनाया जाएगा। इस दौरान परियोजना की संरचना, आवंटन प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाएं, प्रस्तावित दरें और व्यापारिक संभावनाओं पर भी विस्तार से विचार रखे गए। कारोबारियों ने भी विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया।
36 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित होगा पार्क
मेडा की ओर से वेदव्यास पुरी में लगभग 36 हजार वर्गमीटर जमीन पर ज्वलैरी पार्क का निर्माण होगा। पार्क में शोरूम, थोक व्यापार केंद्र, कारीगर कार्यशालाएं, उत्पादन इकाइयां, प्रदर्शनी स्थल, बैंकिंग सुविधाएं और साझा सेवा केंद्र विकसित किए जाएंगे। दरअसल, शासन की ज्वैलरी कारोबार से जुड़ी सभी गतिविधियां एक ही परिसर में संचालित की जाने की योजना है। परियोजना में एक मुख्य प्रवेश द्वार, अलग-अलग व्यापारिक खंडों के लिए पृथक प्रवेश व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ही खरीदारों और विक्रेताओं को ठहरने की सुविधा भी दी जाएगी।


No comments:
Post a Comment