मृत मां को जीवित दिखाकर 7 साल तक पेंशन हड़पी

आरोपी बेटा गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज बनाए

 मेरठ।  दौराला थाना पुलिस ने मृत मां को जीवित दिखाकर सात साल से अधिक समय तक उनकी पेंशन हड़पने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा विभाग की पेंशन का फर्जी तरीके से लाभ उठाने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम शाहपुर जदीद निवासी प्रेम सिंह पुत्र सुक्खन सिंह ने कथित तौर पर अपनी मां शांति देवी के फर्जी जीवित प्रमाण पत्र तैयार करवाए। आरोप है कि शांति देवी की मृत्यु के बावजूद, उन्हें लगभग सात वर्षों से अधिक समय तक जीवित दर्शाया गया। इस दौरान उनके नाम पर मिलने वाली स्वतंत्रता सेनानी पेंशन और रक्षा विभाग की पेंशन को बैंक खाते से एटीएम, यूपीआई और अन्य माध्यमों से निकाला जाता रहा।

इस मामले में एसबीआई बैंक, सकोती टांडा के शाखा प्रबंधक नीरज कुमार ने दौराला थाने में तहरीर दी थी। उनकी शिकायत पर प्रेम सिंह और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच उपनिरीक्षक अनिल कुमार कर रहे हैं।दौराला पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब 8:15 बजे मुखबिर की सूचना पर आरोपी प्रेम सिंह को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts