4 साल का मासूम लापता
मौसी के घर से गायब, अपहरण की आशंका पर पुलिस तलाश में जुटी
मेरठ। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र की शौकीन कॉलोनी से चार वर्षीय मासूम के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। परिजनों ने करीब एक घंटे तक अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों ने बच्चे के अपहरण की आशंका जताते हुए तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो टीमों को तलाश में लगाया है।
राजस्थान के जयपुर निवासी शान मोहम्मद की पत्नी आसमां अपने चार वर्षीय बेटे अरहान के साथ लगभग 20 दिन पहले मेरठ में अपनी बहन आमना के घर आई थीं। सोमवार सुबह करीब आठ बजे अरहान घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। कुछ देर बाद जब परिजनों ने उसे देखा तो वह वहां नहीं मिला।
पहले परिवार और स्थानीय लोगों ने आसपास की गलियों, पार्कों और रिश्तेदारों के यहां अरहान की तलाश की, लेकिन मासूम का कोई पता नहीं चला। जैसे-जैसे समय बीतता गया, परिजनों की चिंता बढ़ती गई और पूरे मोहल्ले में बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई।सूचना मिलने पर लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, लेकिन देर शाम तक बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका।पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्चे की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बच्चे की तलाश की जा रही है। पुलिस जल्द ही उसे सकुशल बरामद करने का प्रयास कर रही है।


No comments:
Post a Comment